विधायक देशमुख के प्रयासों से मुलताई को ₹7.91 करोड़ की सड़क सौगात, तीन मार्गों को मिली मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

PMGSY-4 में 6.04 किमी सड़कें बनेंगी; डोंगरपुर, साबड़ीढाना और खल्लाढाना का संपर्क होगा मजबूत

मुलताई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-4) के तहत मुलताई विधानसभा क्षेत्र को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। तीन महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के निर्माण के लिए कुल 6.04 किलोमीटर लंबाई के कार्यों को लगभग 7.91 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। भाजपा नेताओं ने इसे विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख की अनुशंसा और लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया है। नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का आवागमन सुगम होने के साथ किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में एनएच-69 साबड़ी रोड से डोंगरपुर तक 1.33 किमी सड़क के लिए लगभग 1.86 करोड़ रुपए, साबड़ी से साबड़ीढाना तक 1.45 किमी सड़क के लिए लगभग 2.10 करोड़ रुपए और खल्ला से खल्लाढाना तक 3.26 किमी सड़क के लिए लगभग 3.94 करोड़ रुपए की राशि शामिल है। इस प्रकार कुल 6.04 किमी सड़क निर्माण पर लगभग 7.91 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गांवों को बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने का काम लगातार किया जा रहा है। मुलताई विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
भाजपा मंडल मुलताई के महामंत्री श्री राघवेंद्र रघुवंशी ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विधायक की सक्रियता के कारण मुलताई को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुलताई में विकास अब घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर दिखाई दे रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री राजेश पाठक ने कहा कि ग्रामीण सड़क अधोसंरचना मजबूत होने से गांवों की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। किसानों के लिए कृषि उपज का परिवहन आसान होगा, वहीं विद्यार्थियों और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।

भाजपा मुलताई ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि गांव मजबूत हों, किसान सशक्त हों और मुलताई विकास के नए आयाम स्थापित करे, इसी संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment